ब्रेकिंग न्यूज़

बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने लौट रहे पति-पत्नी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

 धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ग्राम पंडरीपानी और खड़मा के बीच उस समय हुआ, जब दंपती बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके बड़े भाई का निधन हो गया है। इसके बाद दोनों अंतिम संस्कार में शामिल होने अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी और खड़मा के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को तेज रफ्तार से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर मगरलोड पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे से धनोरा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार पर एक साथ दोहरी त्रासदी टूटने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button