Uttar Pradesh News : गोवर्धन में FSSAI की बड़ी कार्रवाई, 32 दुकानों से पेड़े और प्रसाद के सैंपल लिए

ब्यूरो चीफ सूरज मथुरा उत्तर प्रदेश
गोवर्धन (मथुरा)। मुड़िया मेला और गुरु पूर्णिमा से पहले श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की Food Safety on Wheels टीम ने गोवर्धन के दानघाटी क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान सोख अड्डा से हनुमान मंदिर तक लगभग 30 से 32 दुकानों पर खाद्य सामग्री की जांच की गई। अभियान के दौरान टीम ने दुकानों से पेड़े, प्रसाद और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्र किए। प्रारंभिक निरीक्षण में कई दुकानों पर खाद्य पदार्थों के निर्माण और रखरखाव में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं होने की बात सामने आई। कुछ स्थानों पर खराब गुणवत्ता वाले पेड़े मिलने पर टीम ने उन्हें तत्काल जब्त कर नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी सैंपलों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि पूरे अभियान की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है तथा आगामी दिनों में भी गोवर्धन सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर इसी प्रकार की जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे केवल स्वच्छ एवं विश्वसनीय दुकानों से ही प्रसाद एवं खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को तत्काल सूचना दें।

Subscribe to my channel