Uttar Pradesh News : मथुरा में स्कूल बस की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
ब्यूरो चीफ सूरज मथुरा उत्तर प्रदेश
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। जनपद के थाना जैत क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम बच्चे की बस के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर जाम लगाते हुए कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉलेज परिसर में कहासुनी के साथ हल्की तोड़फोड़ की भी सूचना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक कॉलेज की बस बच्चों को छोड़ने के बाद वापस की जा रही थी। इसी दौरान बस चालक वाहन को पीछे (बैक) कर रहा था, जबकि बस के पीछे एक 8 वर्षीय बच्चा मौजूद था। चालक की नजर बच्चे पर नहीं पड़ने से वह बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने जाम खुलवाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वर्तमान में पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मथुरा ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Subscribe to my channel