Uttar Pradesh News : कीचड़ भरे रास्ते पर महिलाओं की तिरंगा यात्रा, जनप्रतिनिधियों के विकास दावों पर उठाए सवाल
रिपोर्टर लोटन प्रसाद हमीरपुर उत्तर प्रदेश
भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। मौदाहा विकासखंड के परसदवां डेरा की महिलाओं ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों और विकास कार्यों की अनदेखी के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गांधीगिरी का रास्ता अपनाते हुए कीचड़ से भरे रास्तों पर तिरंगा यात्रा निकालकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज भी गांव के रास्ते कीचड़ से लबालब हैं। बरसात के मौसम में आवागमन बेहद कठिन हो जाता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

महिलाओं ने सांसद और विधायक से अपील करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद केवल उद्घाटन और समारोहों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों का दौरा कर जनता की वास्तविक समस्याओं को देखें और उनका समाधान कराएं। उनका कहना था कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को केवल फीता काटने के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए चुना है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि परसदवां डेरा के जर्जर मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही कठिनाइयों से राहत मिल सके।




Subscribe to my channel