Chhattisgarh News : नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप; विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से हुआ पोस्टमार्टम

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के विरोध के बाद शव का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल की मौजूदगी में कराया गया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। मामला सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र का है। चर साल पहले हुई थी शादी जानकारी के अनुसार मृतका मिनी यादव (23 वर्ष) की शादी करीब चार वर्ष पहले कुनिया निवासी अनुज यादव से हुई थी। दंपती की लगभग 18 महीने की एक बेटी भी है। शनिवार शाम अनुज यादव अपनी बेटी को लेकर घर से कुछ दूरी पर स्थित किराना दुकान चला गया था। इसी दौरान घर में मिनी यादव फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल कमलेश्वरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दहेज में कार मांगने का आरोप घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष अस्पताल पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज में कार की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि विवाह में बुलेट मोटरसाइकिल और जमीन देने के बावजूद अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही। उन्होंने यह भी दावा किया कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान थे और उसके साथ मारपीट की गई थी। मायके पक्ष ने कमलेश्वरपुर में पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद सोमवार को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गायनाकोलॉजी, सर्जरी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं ससुराल पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच एक घरेलू विवाद हुआ था और मामले को लेकर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to my channel