Chhattisgarh News : जांजगीर-चांपा: बिर्रा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कृषि केंद्र सीलबंद, एक को नोटिस जारी

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड बम्हनीडीह के बिर्रा स्थित तीन कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में जिला एवं विकासखंड स्तरीय संयुक्त दल द्वारा 12 जुलाई 2026 को की गई। निरीक्षण के दौरान मेसर्स न्यू केशरवानी कृषि केन्द्र में बीज एवं कीटनाशकों का विक्रय बिना स्रोत प्रमाण-पत्र के किए जाने का मामला सामने आया। वहीं मेसर्स चंद्रा कृषि केन्द्र के संचालक राजेश कुमार चंद्रा द्वारा बिना लाइसेंस उर्वरक एवं बीज का विक्रय किया जाना पाया गया।
दोनों प्रतिष्ठानों से संबंधित बीज एवं उर्वरक जब्त कर उनके विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई। जांच में यह भी पाया गया कि दोनों प्रतिष्ठानों के कीटनाशक लाइसेंस में स्रोत प्रमाण-पत्र का नवीनीकरण नहीं कराया गया था, जो कीटनाशक अधिनियम-1966 एवं नियम-1971 के प्रावधानों का उल्लंघन है। इसके चलते कृषि विभाग ने दोनों कृषि केंद्रों को सीलबंद कर दिया। इसके अलावा मेसर्स दीपक कृषि केन्द्र, बिर्रा निरीक्षण के दौरान कीटनाशकों का सत्यापित स्टॉक रजिस्टर एवं सत्यापित बिल बुक प्रस्तुत नहीं कर सका।

इस पर विभाग ने संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को निम्न गुणवत्ता के बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों की बिक्री या बिना लाइसेंस एवं बिना वैध दस्तावेजों के कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to my channel