ब्रेकिंग न्यूज़
Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ की लोकगायिका पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई के नाम पर होगा गनियारी शासकीय हाईस्कूल
स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निर्देश पर लिया गया ऐतिहासिक निर्णय, लोककला और संस्कृति को मिलेगा नया सम्मान


ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ की विश्वविख्यात पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निर्देश पर डॉ. तीजन बाई के गृहग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल का नाम उनके नाम पर रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार का मानना है कि यह निर्णय नई पीढ़ी को प्रदेश की समृद्ध लोककला, संस्कृति और महान विभूतियों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

डॉ. तीजन बाई ने पंडवानी गायन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। अपनी अद्वितीय प्रस्तुति शैली के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने देश-विदेश में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का गौरव बढ़ाया है। बताया जा रहा है कि किसी लोकगायिका के नाम पर पहली बार किसी शासकीय विद्यालय का नामकरण किया जा रहा है। इसे राज्य की सांस्कृतिक विरासत के सम्मान और लोक कलाकारों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।
Subscribe to my channel