Madhya Pradesh News मुफ्त मूँगफली बीज वितरण में घोटाले के आरोप,किसानों का फूटा गुस्सा,थाने के बाहर हंगामा,NH-934 जाम का प्रयास।
पैसे लेकर बांटे गए बीज',किसानों ने कृषि अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप, 127 क्विंटल उड़द वितरण में भी 95% भ्रष्टाचार का दावा।

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
बड़ा मलहरा//खरीफ सीजन के बीच किसानों को निशुल्क मूँगफली बीज वितरण को लेकर बड़ा मलहरा में शनिवार को भारी हंगामा देखने को मिला। किसानों ने कृषि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी पर राशि लेकर बीज वितरण करने तथा मुफ्त वितरण योजना में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।किसानों का यह भी आरोप है कि पूर्व में 127 क्विंटल मिनी उड़द बीज पैकेट वितरण में भी करीब 95 प्रतिशत तक भ्रष्टाचार किया गया था। जानकारी के अनुसार शासन द्वारा ढाई एकड़ तक कृषि भूमि रखने वाले पात्र किसानों को आधार कार्ड एवं पंजीयन के आधार पर एक क्विंटल मूँगफली बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों की अधिक संख्या को देखते हुए प्रशासन ने बीज वितरण की व्यवस्था बड़ा मलहरा पुलिस थाने परिसर से की थी। बीज मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में किसान सुबह करीब 7 बजे से ही कतार में खड़े हो गए।किसानों का आरोप है कि तीन दिनों से लगातार भूखे-प्यासे लाइन में लगने के बावजूद उन्हें बीज नहीं मिला जबकि कुछ लोगों को प्राथमिकता के आधार पर बीज वितरित कर दिया गया। इससे नाराज किसानों ने मीडिया के सामने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

आक्रोशित किसानों ने अपनी मांगों को लेकर NH-934 पर जाम लगाने का प्रयास किया।सूचना मिलते ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रोहित अलावा व थाना प्रभारी अरविंद दांगी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश देते हुए कहा कि यह विवाद कृषि विभाग और किसानों के बीच का है इसलिए आम जनता और यात्रियों को परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही अखिल राठौर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा आकर उनकी समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा जिसके बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया। कुछ देर बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अखिल राठौर भी मौके पर पहुंचे।उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोमवार को पूर्ण पारदर्शिता के साथ पात्र किसानों को बीज वितरण सुनिश्चित किया जाए।एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों का आक्रोश शांत हुआ और वे अपने-अपने घर लौट गए।
इस बीच सक्षम कृषि अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में विभागीय गोदाम में 138 क्विंटल से अधिक मूँगफली बीज का स्टॉक उपलब्ध है।अधिकारियों के निर्देशन में पात्र किसानों को नियमानुसार शीघ्र बीज वितरित किया जाएगा। किसानों ने मांग की है कि पूरे बीज वितरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए पात्र किसानों की सूची सार्वजनिक की जाए तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता या राशि लेकर बीज वितरण किया गया है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं कृषि विभाग की ओर से आरोपों पर विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।



Subscribe to my channel