Jharkhand News बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम, 8 जुलाई तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मानसून हुआ बेहद सक्रिय, झारखंड-बिहार समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और वज्रपात की चेतावनी

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
3 जुलाई 2026: बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने लो प्रेशर सिस्टम के कारण देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 5 से 6 दिनों तक मध्य, पूर्वी और पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बाढ़ जैसे हालात बनने की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 जुलाई को दक्षिण गुजरात, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम मध्य प्रदेश और ओडिशा में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 5 से 7 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा कई स्थानों पर वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 3 से 8 जुलाई तक लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना रहेगा। वहीं, पूर्वी राजस्थान में 4 से 8 जुलाई के बीच भारी बारिश होगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
गुजरात, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल में भी 8 जुलाई तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में भी 4 से 8 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। विशेष रूप से ओडिशा में 4 जुलाई को अत्यधिक वर्षा से बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है, जबकि बिहार और झारखंड में भी कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि 8 जुलाई तक देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि अरुणाचल प्रदेश और असम के मैदानी क्षेत्रों में 6 जुलाई तक गर्मी और उमस बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




Subscribe to my channel