ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News जनता दरबार में गूंजे अतिक्रमण और भू-माफियाओं के मुद्दे, उपायुक्त ने दिए जांच के निर्देश

सार्वजनिक नाले पर अवैध निर्माण व सरकारी जमीन पर होटल निर्माण की शिकायतों पर प्रशासन सख्त

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

धनबाद, 3 जुलाई 2026:
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दरबार में अतिक्रमण, भूमि विवाद, आवास, मुआवजा, प्रमाण पत्र, सार्वजनिक रास्ता और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े कई मामले सामने आए। हाउसिंग कॉलोनी से पहुंचे एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कॉलोनी का एक यूट्यूबर, जो स्वयं को मीडिया कर्मी भी बताता है, प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण करा रहा है। शिकायतकर्ता ने अपने दावे के समर्थन में कई तस्वीरें भी उपायुक्त को सौंपीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने हाउसिंग बोर्ड को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


वहीं हीरापुर की एक महिला ने आरोप लगाया कि भू-माफियाओं द्वारा साजिश के तहत उन्हें उनके एकमात्र आवास से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला का कहना था कि नगर निगम को गुमराह कर उनके मकान को तोड़ने की कोशिश की जा रही है, जबकि संबंधित लोगों ने स्वयं सरकारी जमीन पर अवैध रूप से चार मंजिला होटल का निर्माण कर रखा है। इस मामले में उपायुक्त ने अनुमंडल दंडाधिकारी को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने, जन्म प्रमाण पत्र और ऑनलाइन लगान रसीद जारी कराने, जमीन पर अवैध कब्जा हटाने, बीसीसीएल द्वारा भूमि कब्जाने, जमाबंदी प्रमाण पत्र जारी करने, रेलवे द्वारा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाने तथा सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध किए जाने जैसी शिकायतें भी सामने आईं। इसके अलावा गोविंदपुर से आए एक व्यक्ति ने विद्यालय के समीप संचालित शराब दुकान को बंद कराने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा। जनता दरबार के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button