Uttar Pradesh News पत्नी गिरफ्तार: पति को जिंदा जलाकर हत्या करने का आरोप

रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर, 2 जुलाई। थाना मलवां पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, 27 जून को तारापुर असवार गांव निवासी राजकुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई अवधेश उर्फ पवन की पत्नी प्रीति उर्फ विनीता देवी ने घरेलू विवाद के दौरान कमरे में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे अवधेश की झुलसकर मौत हो गई। इस मामले में थाना मलवां में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान नामजद अभियुक्ता प्रीति उर्फ विनीता देवी (38) को गुरुवार दोपहर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसका पति नशे का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। उसने कथित रूप से बताया कि प्रताड़ना से परेशान होकर उसने कमरे में रखी कथरी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और बाहर चली गई। लौटने पर पति गंभीर रूप से झुलसा मिला, जिसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना एवं आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




Subscribe to my channel