Jharkhand News बरमसिया आम तालाब के पास जर्जर सड़क पर विधायक राज सिन्हा का निरीक्षण, नगर आयुक्त को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
दुहाटांड़–बरमसिया मार्ग की बदहाल स्थिति पर सख्त हुए विधायक, दो दिनों में काम शुरू कराने का मिला आश्वासन धनबाद। बरमसिया छठ आम तालाब के समीप दुहाटांड़–बरमसिया मार्ग की जर्जर स्थिति और तालाब से हो रहे जलभराव की समस्या को लेकर गुरुवार को धनबाद विधायक एवं झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सड़क की बदहाल स्थिति, जल निकासी की समस्या और आवागमन में हो रही परेशानियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके से ही नगर आयुक्त से वीडियो कॉल पर बातचीत कर सड़क की वास्तविक स्थिति और आम तालाब में फैली गंदगी से अवगत कराया। उन्होंने समस्या के त्वरित और स्थायी समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने विधायक को आश्वस्त किया कि आगामी दो दिनों के भीतर समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विधायक राज सिन्हा ने कहा कि आम जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का शीघ्र और स्थायी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और कार्यों की नियमित निगरानी भी की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान भाजपा युवा नेता भागीरथ दास, चंदू शर्मा, शंकर सिंह, राजकुमार, सुजीत कुमार, विनोद राम, सुजीत रवानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




Subscribe to my channel