ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News रामपुर में होगा सहारनपुर-गोमतीनगर वंदे भारत ट्रेन का ठहराव: आकाश

रिपोर्टर रफ़ी उल्लाह खान रामपुर उत्तर प्रदेश

Rampur: रेल यात्रियों को जल्द ही बड़ी सौगात मिल सकती है। शहर विधायक आकाश सक्सेना के प्रयासों से सहारनपुर-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के रामपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव का रास्ता साफ होता दिखाई दे रहा है। विधायक द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री को भेजे गए प्रस्ताव पर रेल मंत्रालय ने ट्रेन के रामपुर स्टेशन पर संभावित ठहराव के लिए ऑपरेशनल फिजिबिलिटी (संचालनात्मक व्यवहार्यता) की जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं।

पिछले दिनों अखिल भारतवर्षीय ब्राहमण महासभा के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष सौरभ पाठक के नेतृत्व में शहर विधायक आकाश सक्सेना से मिले थे। उनका कहना था कि लंबे समय से रामपुर के नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों को लखनऊ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश आने जाने में काफी असुविधाएं होती हैं। खासकर, नैमिषारण्य तीर्थ के लिए लोगों को लखनऊ से वापस सीतापुर लौटकर आना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त समय के साथ ही यात्रियों पर आर्थिक बोझ भी पड़ता है। ऐसे में उन्होंने रामपुर स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की थी, जिसके बाद शहर विधायक आकाश सक्सेना ने इस संबंध में रेल मंत्री को पत्र लिखा था। रेल मंत्रालय ने इस संबंध में जांच के आदेश दे दिए हैं। रेल मंत्रालय द्वारा अब ऑपरेशनल व्यवहार्यता का आकलन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत यह देखा जाएगा कि ट्रेन का रामपुर स्टेशन पर ठहराव संचालन की दृष्टि से कितना व्यावहारिक है या नहीं। इसमें ट्रेन के वर्तमान समयबद्ध संचालन, रेलवे ट्रैक की उपलब्धता, सिग्नल व्यवस्था, प्लेटफॉर्म क्षमता, अन्य ट्रेनों के आवागमन पर संभावित प्रभाव, यात्रियों की संख्या तथा ठहराव से होने वाले परिचालन संबंधी प्रभावों का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। यदि जांच रिपोर्ट अनुकूल रहती है तो रेलवे द्वारा रामपुर स्टेशन पर ट्रेन के नियमित ठहराव का निर्णय लिया जा सकता है। आकाश सक्सेना ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव मिलने से रामपुर के लोगों को राजधानी लखनऊ, सहारनपुर तथा मार्ग में आने वाले प्रमुख शहरों तक तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। इससे व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। साथ ही जिले के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण हो रहा है और वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों का विस्तार देशभर में किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि रामपुर भी इस आधुनिक रेल नेटवर्क का पूर्ण लाभ प्राप्त करे। विधायक ने इस पहल के लिए केंद्रीय रेल मंत्री एवं रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाते रहेंगे, ताकि रामपुर को विकास की नई सौगातें लगातार मिलती रहें।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button