Madhya Pradesh News डॉक्टरों पर हमले से भड़का घुवारा,चार घंटे थमा यातायात,गिरफ्तारी और चौकी प्रभारी को हटाने की मांग पर उग्र प्रदर्शन।
सीएचसी में मारपीट के विरोध में घुवारा बंद,बस स्टैंड पर चक्काजाम,आश्वासन के बाद खुला रास्ता।

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
बड़ा मलहरा//सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घुवारा में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ हुई मारपीट की घटना ने मंगलवार को पूरे नगर में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। घटना के विरोध में व्यापारियों,जनप्रतिनिधियों,समाजसेवियों और ग्रामीणों ने घुवारा बंद का आह्वान करते हुए बस स्टैंड पर करीब चार घंटे तक चक्काजाम किया।प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सोमवार देर रात करीब एक बजे मंडीखेड़ा निवासी थुवना अहिवार सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अपने परिजनों और साथियों के साथ उपचार के लिए सीएचसी घुवारा पहुंचा।आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही कुछ लोगों ने शराब के नशे में ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और स्थिति हिंसक हो गई।

बताया गया कि नर्स द्वारा चिकित्सक डॉ. आनंद यादव को बुलाए जाने के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और डॉक्टरों तथा कर्मचारियों के साथ मारपीट की।जान बचाने के लिए चिकित्सकों एवं स्टाफ को अस्पताल के कमरों में बंद होकर छिपना पड़ा।आरोप है कि हमलावर अस्पताल के विभिन्न कक्षों,यहां तक कि डिलीवरी रूम तक पहुंच गए और कर्मचारियों की तलाश करते रहे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई लेकिन अस्पताल कर्मियों का आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।इसी बात को लेकर चिकित्सकों और स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त हो गया। मंगलवार सुबह चिकित्सकों,जनप्रतिनिधियों,व्यापारियों और समाजसेवियों ने एकजुट होकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।मांगें पूरी नहीं होने पर बस स्टैंड पर चक्काजाम कर दिया गया जिससे लगभग चार घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

बाद में एसडीओपी बड़ा मलहरा रोहित सिंह अलावा,तहसील प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।इस दौरान दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी,भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान गौतम,मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा यादव को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चौकी प्रभारी के विरुद्ध जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं,मध्यप्रदेश संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम 1994 तथा मध्यप्रदेश चिकित्सक एवं चिकित्सा संबंधी व्यक्तियों की सुरक्षा अधिनियम 2008 के तहत 11 नामजद आरोपियों सहित 25 अन्य लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। इनका कहना है सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। चौकी प्रभारी के संबंध में प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




Subscribe to my channel