अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद का आठवां स्थापना दिवस शहडोल में भव्यता एवं उत्साह के साथ संपन्न

शहडोल। अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल का आठवां स्थापना दिवस शहडोल जिले में अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। स्थापना दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया, जिनमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं सनातन धर्मावलंबियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का मुख्य मार्गदर्शन महाकौशल प्रांताधिकारी मेहुल श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष विजय बहरानी ने किया। इस अवसर पर संगठन के समस्त जिला, प्रखंड, नगर एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के अवसर पर भगवान श्रीराम, भारत माता एवं वीर हनुमान जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत संगठन के स्थापना दिवस की ऐतिहासिक यात्रा, उद्देश्य एवं कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद विगत आठ वर्षों से “सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार” के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर राष्ट्र एवं धर्महित में निरंतर कार्य कर रही है।

महाकौशल प्रांताधिकारी मेहुल श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सनातन समाज की एक सशक्त चेतना है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि प्रत्येक हिंदू संगठित होकर सामाजिक समरसता, धार्मिक जागरण, गौसंरक्षण, मातृशक्ति सम्मान, युवाओं के चरित्र निर्माण तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक गांव, नगर एवं वार्ड में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष विजय बहरानी ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के समर्पण, अनुशासन एवं अथक परिश्रम के कारण आज अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद जन-जन का विश्वास प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन समाज सेवा, धार्मिक जागरण, युवा सशक्तिकरण एवं राष्ट्रहित के अभियानों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करेगा।स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण, जनसंपर्क अभियान, सेवा कार्य, वृक्षारोपण, धार्मिक सभाएं एवं संगठन विस्तार जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह एवं अनुशासन देखने को मिला, जिससे संगठन की मजबूत कार्यशैली का परिचय प्राप्त हुआ।
वक्ताओं ने संगठन के संस्थापक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित संगठन आज देशभर में हिंदू समाज को संगठित करने, सेवा कार्यों को गति देने तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन का वातावरण राष्ट्रभक्ति, धार्मिक आस्था एवं संगठनात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्थापना दिवस को ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी बताया।
जय श्रीराम।
धर्मो रक्षति रक्षितः।




Subscribe to my channel