भूसा निकालते समय जहरीले सांप ने डसा, 42 वर्षीय महिला की मौत
भूसा निकालते समय जहरीले सांप ने डसा, 42 वर्षीय महिला की मौत
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया, आर्थिक सहायता की मांग

गोंडा,। मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महादेवा में सोमवार को भूसा निकालते समय जहरीले सांप के डसने से 42 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका अपने पीछे चार बच्चों और पति को छोड़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार, महादेवा गांव निवासी 42 वर्षीय महिला घर में भूसा निकाल रही थीं। इसी दौरान भूसे में छिपे जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजनों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई और उनकी मौत हो गई।
मृतका के परिवार में एक विवाहित बेटी, एक अविवाहित बेटी तथा दो बेटे हैं। उनके पति हसनूं राजभर मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। महिला की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्राम प्रधान शोभाराम ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। पीड़ित परिवार को शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने के लिए पुलिस को सूचना दे दी गई है तथा लेखपाल द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि मृतका के पति की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं हल्का लेखपाल रामनारायण बिंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।




Subscribe to my channel