नौकरी की लालच में बेटे ने कराई पिता की हत्या, 10 लाख की सुपारी देकर रची साजिश

👉BCCL नौकरी पाने के लिए बेटे ने पिता को मरवाया, तीन आरोपी गिरफ्तार
👉अनुकंपा नौकरी की चाह में बेटे ने पिता की ली जान, पुलिस ने खोला राज
👉रिश्तों का कत्ल: बेटे ने 10 लाख की सुपारी देकर कराई पिता की हत्या
धनबाद/बरोरा: कोयलांचल को झकझोर देने वाले एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए धनबाद पुलिस ने पिता की हत्या के मामले में उसके ही बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। BCCL में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने की लालच में बेटे ने अपने पिता की हत्या की साजिश रच डाली और इसके लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 की सुबह करीब 4:45 बजे बरोरा थाना क्षेत्र के चिटाही से बरोरा जाने वाली पीसीसी सड़क किनारे झाड़ियों के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना चौकीदार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बरोरा थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान गठित एसआईटी ने मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनिया के रूप में की। तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की पूरी साजिश मृतक के बेटे विजय नोनिया ने ही रची थी। पुलिस के मुताबिक विजय अपने पिता की जगह BCCL में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाना चाहता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि विजय नोनिया ने अपने पिता की हत्या के लिए अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। दोनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर, मोटरसाइकिल, खून से सने कपड़े, जूते-चप्पल, गमछा तथा मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने मृतक के पुत्र विजय नोनिया, अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह घटना न केवल एक जघन्य अपराध है, बल्कि रिश्तों के टूटते मूल्यों और लालच की भयावह तस्वीर भी पेश करती है। नौकरी की चाह में बेटे द्वारा पिता की हत्या की साजिश ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।



Subscribe to my channel