तोपचांची को मिली डायलिसिस सेंटर की सौगात, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगा इलाज

👉तोपचांची में डायलिसिस केंद्र का शुभारंभ, मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा धनबाद
👉ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिली मजबूती, तोपचांची में शुरू हुआ डायलिसिस सेंटर
👉विधायक, उपायुक्त व डीडीसी ने किया डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन
धनबाद, 24 जून 2026:
तोपचांची क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवस्थापित डायलिसिस केंद्र का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन तथा उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि क्षेत्र में डायलिसिस केंद्र की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस केंद्र के शुरू होने से गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी तथा समय पर इलाज मिलने से मरीजों का जीवन बचाने में मदद मिलेगी।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि अब स्थानीय मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए धनबाद या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत सहित अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत पात्र मरीजों को यहां निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि केंद्र में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें और आवश्यक जीवन रक्षक उपकरण स्थापित किए गए हैं। मरीजों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित तकनीशियन एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी तैनात की गई है, जिससे गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।




Subscribe to my channel