Jharkhand News सर्किट हाउस को मिलेगा नया स्वरूप डीसी आदित्य रंजन के औचक निरीक्षण
निरीक्षण के बाद सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण की तैयारी तेज

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: जिले के प्रतिष्ठित सर्किट हाउस की तस्वीर अब जल्द ही बदलने वाली है। आधुनिक सुविधाओं और बेहतर रखरखाव के साथ इसे नया स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। मंगलवार को उपायुक्त आदित्य रंजन ने सर्किट हाउस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सर्किट हाउस के कमरों, वीआईपी सुइट, लॉबी, किचन तथा डाइनिंग हॉल की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, रखरखाव एवं उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए हरियाली बढ़ाने, नए पौधारोपण, नियमित सफाई व्यवस्था तथा परिसर को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस जिले की पहचान है और यहां आने वाले अतिथियों के मन में धनबाद की पहली छवि यहीं से बनती है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। डीसी के निर्देशों के बाद अब सर्किट हाउस के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। इससे न केवल आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि जिले की सकारात्मक छवि भी मजबूत होगी। जिला प्रशासन की इस पहल का स्थानीय लोगों ने भी स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि सरकारी अतिथि गृहों की बेहतर व्यवस्था से जिले की प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और आने वाले अतिथियों पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा।




Subscribe to my channel