Uttar Pradesh News यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: मांट विधायक के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी डंपर से टकराई, सुरक्षा कर्मी की मौत

रिपोर्टर पुष्पेंद्र कुमार मथुरा उत्तर प्रदेश
मथुरा/जेवर। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार को मांट विधायक राजेश चौधरी के काफिले के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। जेवर एयरपोर्ट के समीप विधायक के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी एक डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्ट वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में काफिले में तैनात सुरक्षा कर्मी राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। राजेंद्र सिंह यादव मूल रूप से एटा जनपद के निवासी बताए गए हैं।

दुर्घटना में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। घायलों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मांट विधायक राजेश चौधरी सुरक्षित रहे और उन्हें कोई चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इस हादसे ने एक बार फिर यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




Subscribe to my channel