Jharkhand News धनबाद को मिली हेलमेट ट्रैफिक पोस्ट की नई पहचान, सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश
गोल बिल्डिंग के पास बना हेलमेट आकार का अत्याधुनिक ट्रैफिक पोस्ट, लोगों को करेगा जागरूक

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने शहर को एक नई पहचान दी है। गोल बिल्डिंग के समीप हेलमेट थीम पर आधारित अत्याधुनिक ट्रैफिक पोस्ट का उद्घाटन शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। उद्घाटन के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोटों से बचाने में हेलमेट महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विशेष पॉलिमर सामग्री एवं मजबूत ग्लास से निर्मित इस ट्रैफिक पोस्ट की डिजाइन आधुनिक तकनीक पर आधारित है। इसे इस प्रकार तैयार किया गया है कि गर्मी के मौसम में अंदर का तापमान अपेक्षाकृत ठंडा तथा सर्दी में गर्म बना रहेगा, जिससे ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सकेगा। एसएसपी ने बताया कि इस अनोखे ट्रैफिक पोस्ट के निर्माण में रैपिडो कंपनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत सहयोग प्रदान किया है। हेलमेट के आकार में तैयार यह पोस्ट न केवल शहर के आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने और यातायात नियमों के पालन के लिए भी प्रेरित करेगा। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा, “हेलमेट पहनना सड़क सुरक्षा की पहली शर्त है। यह आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। सभी दोपहिया वाहन चालक हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।”




Subscribe to my channel