विकसित कृषि संकल्प अभियान में मोटे अनाजों की खेती पर दिया गया बल
विकसित कृषि संकल्प अभियान में मोटे अनाजों की खेती पर दिया गया बल

नवाबगंज (गोंडा), 20 जून। विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड नवाबगंज के ग्राम काजीपुर में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मोटे अनाजों की खेती, धान उत्पादन की उन्नत तकनीकों तथा विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई।
गोष्ठी के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शकील अहमद ने किसानों से मोटे अनाजों की खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक (शस्य विज्ञान) डॉ. रामलखन सिंह ने धान की पौधशाला प्रबंधन, धान की सीधी बुवाई, हरी खाद की खेती, फसल अवशेष प्रबंधन तथा मोटे अनाजों की खेती पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ मृदा स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं और इनके उत्पादन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
एडीओ एजी प्रतीक श्रीवास्तव ने किसानों को राजकीय कृषि बीज भंडार पर अनुदानित कृषि निवेशों की उपलब्धता के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अनुदान का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक है।
बीटीएम वीरेंद्र कुमार यादव ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं फार्मर रजिस्ट्री सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रतिनिधि दीपक सैनी ने फसल बीमा योजना के लाभ बताए। वहीं एटीएम दीपक सिंह ने कृषि यंत्रीकरण योजना तथा पंकज कुमार सिंह ने कुसुम योजना की विस्तृत जानकारी किसानों को प्रदान की।
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान रामलगन, सादिक अली, लल्लन तथा श्रीमती उर्मिला सहित अनेक किसानों ने भाग लेकर खेती की नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। गोष्ठी के अंत में कृषि विभाग द्वारा पंजीकृत किसानों को बाजरा बीज का मिनी किट निःशुल्क वितरित किया गया।




Subscribe to my channel