Chhattisgarh News पदभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखीं टीआई कमला पुसाम, जनप्रतिनिधियों व पत्रकारो से किया सीधा संवाद।

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
महिला अपराध, छेड़छाड़ और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा, पुलिस-जनप्रतिनिधि-जनता के बीच बेहतर समन्वय पर हुआ मंथन पचपेड़ी। पचपेड़ी थाना की नवपदस्थ थाना प्रभारी कमला पुसाम ने पदभार ग्रहण करते ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, सामाजिक गतिविधियों, महिला सुरक्षा तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, अवैध गतिविधियों, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं की जानकारी थाना प्रभारी के समक्ष रखी। पत्रकारों ने कहा कि पुलिस और मीडिया समाज के दो ऐसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो जनहित के मुद्दों को सामने लाकर व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा तथा क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। वहीं जनप्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी से पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच नियमित संवाद बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि कई बार ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी-छोटी समस्याएं समय पर संज्ञान में नहीं आ पातीं, जिससे विवाद बढ़ जाते हैं। यदि पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय रहेगा तो कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम जनता को भी राहत मिलेगी।

बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी कमला पुसाम ने कहा कि पचपेड़ी क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। महिला संबंधी अपराध, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, अवैध कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा, “पुलिस और जनता के बीच विश्वास का संबंध होना जरूरी है। आम नागरिक बिना किसी डर के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर रहेगी। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।”
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने नवपदस्थ थाना प्रभारी का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कमला पुसाम के नेतृत्व में पचपेड़ी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा जनता को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा। पत्रकारों ने कहा कि क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों की निष्पक्ष जानकारी प्रशासन तक पहुंचाना मीडिया की जिम्मेदारी है। पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर तालमेल से अपराध नियंत्रण और जनहित के कार्यों को गति मिलेगी। पत्रकारों ने थाना प्रभारी को क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में ज्वाला बंजारे, विजय सुमन, रघु यादव, हरीओम श्रीवास, विमलकांत, रामगोपाल भार्गव, लक्ष्मीकांत, दिनेश पाटले, अनुराग साहू, सुभाष टंडन, रोशन बंजारे, प्रमोद अवस्थी, सुधीर सुमन, आकाश राय, सूर्यप्रकाश सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी ने क्षेत्र के विकास तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



Subscribe to my channel