ब्रेकिंग न्यूज़

मोटे अनाज की खेती से सुधरेगा मृदा एवं मानव स्वास्थ्य: डॉ. रामलखन सिंह

मोटे अनाज की खेती से सुधरेगा मृदा एवं मानव स्वास्थ्य: डॉ. रामलखन सिंह

 

मुजेहना (गोंडा), 17 जून। विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड मुजेहना के ग्राम डेबरीकला में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों के साथ-साथ मोटे अनाजों की खेती के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरिश्चंद्र वर्मा ने किसानों से मोटे अनाजों की खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मोटे अनाजों का उत्पादन और उपभोग मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ भूमि की उर्वरता के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ मोटे अनाजों को भी खेती में शामिल करने की सलाह दी।

कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक (शस्य विज्ञान) डॉ. रामलखन सिंह ने किसानों को धान की सीधी बुवाई, धान नर्सरी प्रबंधन, हरी खाद की खेती, ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई, फसल अवशेष प्रबंधन तथा मोटे अनाजों की खेती संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति लगातार कमजोर हो रही है। भूमि के स्वास्थ्य में सुधार के लिए ढैंचा जैसी हरी खाद की बुवाई अत्यंत आवश्यक है।

एडीओ एजी रामप्रकाश तिवारी ने किसानों को राजकीय कृषि बीज भंडार पर अनुदानित कृषि निवेशों की उपलब्धता की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।

राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी धर्मचंद वर्मा ने जैव उर्वरकों के महत्व एवं उनके उपयोग पर प्रकाश डाला। वहीं बीटीएम क्रांतिवीर सिंह ने कृषि यंत्रीकरण योजना एवं कुसुम योजना की जानकारी दी। एटीएम विभोर मणि त्रिपाठी ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लाभों पर किसानों को जागरूक किया।

गोष्ठी में एटीएम श्यामधर द्विवेदी सहित प्रगतिशील किसान बहादुर, सालिगराम यादव, फूलचंद तिवारी, राजकरण, मनोज जायसवाल, पंकज यादव समेत बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर खेती की नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने विशेषज्ञों से विभिन्न कृषि विषयों पर चर्चा कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button