Jharkhand News प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
उत्कृष्ट पोषण वाटिका को मिलेगा पुरस्कार, 8 महिला पर्यवेक्षिकाओं को टैबलेट देकर किया गया सम्मानित

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद, 17 जून 2026: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, लंबित आवेदनों, एनपीसीआई अद्यतन, पोषण ट्रैकर, पोषण वाटिका एवं हॉट कुक्ड मील सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों और महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों एवं तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत देते हुए समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया।
समीक्षा के दौरान कुछ स्थानों पर कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संबंधित महिला पर्यवेक्षिकाओं को कार्य संस्कृति में सुधार लाने तथा लंबित मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाने का निर्देश दिया। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिले की सर्वश्रेष्ठ पोषण वाटिकाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले केंद्र को ₹10 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले केंद्र को ₹8 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले केंद्र को ₹6 हजार की पुरस्कार राशि दी जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले केंद्रों को आगे चलकर मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा।

इस दौरान महिला पर्यवेक्षिकाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। कई आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, बिजली, खिड़की एवं दरवाजों जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने ऐसे सभी केंद्रों की सूची तैयार कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की आठ महिला पर्यवेक्षिकाओं को टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में बाघमारा की लक्ष्मी कुमारी, बलियापुर की कीर्ति पुष्प, धनबाद की कामिनी कुमारी, गोविंदपुर की प्रेरणा बर्णवाल, झरिया की शकुंतला कुमारी, निरसा की कुमारी शिखा, तोपचांची की रानी सीमा और टुंडी की किरण कुमारी शामिल हैं। उपायुक्त ने सभी सम्मानित महिला पर्यवेक्षिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।




Subscribe to my channel