ब्रेकिंग न्यूज़

सिहावा मे किसानों की खाद, जर्जर सड़कें और कानून व्यवस्था समेत विभिन्न मांगों को लेकर एनएसयूआई का धरना-प्रदर्शन, किया चक्का जाम

 

नगरी सिहावा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर बुधवार शाम 4 बजे सिहावा बस स्टैंड में एनएसयूआई के नेतृत्व में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, जुआ-सट्टा पर रोक लगाने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, बढ़ती महंगाई तथा कानून व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरना स्थल पर लगाए गए बैनरों के माध्यम से एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जबकि कुछ व्यापारियों द्वारा खाद की कालाबाजारी किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

इसके अलावा क्षेत्र में जुआ एवं सट्टा के अवैध कारोबार पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि खुलेआम संचालित हो रहे इस अवैध धंधे से युवा वर्ग गलत दिशा में जा रहा है। प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

धरने में क्षेत्र की बदहाल सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने सांकरा-जैतपुरी मार्ग, सिहावा-बिरगुड़ी मार्ग, बोराई-सिहावा मार्ग, कर्णेश्वर-घठुला मार्ग तथा हिरापुर-सिहावा मार्ग की जर्जर स्थिति का उल्लेख करते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि नई सड़क का निर्माण तत्काल संभव नहीं है तो कम से कम मरम्मत कार्य कर आवागमन सुगम बनाया जाए।

एनएसयूआई नेताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि और क्षेत्र में समय पर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि इससे किसानों के कृषि कार्य और आम नागरिकों के दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि से आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रशासन को सख्त निगरानी रखते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने किया। इस दौरान विधानसभा एनएसयूआई अध्यक्ष अरविंद यादव, शहर अध्यक्ष राकेश नेताम, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज, साक्षी अख्तर खान बेलदार, गांव जोन अध्यक्ष अंजोर निषाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button