विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की तकनीकी जानकारी
विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की तकनीकी जानकारी

वजीरगंज (गोंडा)। विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत विकासखंड वजीरगंज के ग्राम मझारा एवं रमचेरापुर में किसान गोष्ठियों का आयोजन कर कृषकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने खरीफ फसलों की उन्नत तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक खेती तथा विभिन्न कृषि योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
ग्राम मझारा में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपेन्द्र बहादुर सिंह ग्राम प्रधान तथा ग्राम रमचेरापुर में कृष्णानन्द ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रहे। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर खेती करने और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक (शस्य विज्ञान) डॉ. राम लखन सिंह ने हरी खाद की खेती, धान की सीधी बुवाई, फसल अवशेष प्रबंधन, गन्ने में खरपतवार नियंत्रण तथा नैनो उर्वरकों के पर्णीय छिड़काव की तकनीकों पर प्रकाश डाला। वहीं मृदा वैज्ञानिक डॉ. हनुमान प्रसाद पांडेय ने मृदा परीक्षण, उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व की जानकारी दी।
अपर जिला कृषि अधिकारी महेश कुमार गुप्ता ने खरीफ सीजन में कृषि निवेशों की उपलब्धता, नकली रासायनिक उर्वरकों की पहचान तथा बीजों की विभिन्न श्रेणियों के संबंध में किसानों को जागरूक किया। सहायक विकास अधिकारी कृषि राहुल वर्मा ने अनुदान पर उपलब्ध कृषि निवेशों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एटीएम वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं फसल बीमा योजना, जबकि तुंगनाथ जायसवाल ने कुसुम योजना एवं कृषि यंत्रीकरण योजना के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
गोष्ठी में प्रगतिशील किसान कौशलेंद्र प्रताप सिंह, सुनील कुमार सिंह, रूद्रप्रकाश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कृषकों ने सहभागिता कर आधुनिक खेती की तकनीकी जानकारी प्राप्त की। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्नों का समाधान भी प्राप्त किया।




Subscribe to my channel