Jharkhand News गोल्फ ग्राउंड मेले में अवैध पार्किंग वसूली का खुलासा, नगर निगम ने शुरू की कार्रवाई
बिना अनुमति वसूले जा रहे थे पार्किंग शुल्क, मेले के आयोजकों पर निगम का शिकंजा

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद। रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित मेले में अवैध पार्किंग शुल्क वसूली का मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत मिलने पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें पाया गया कि पार्किंग शुल्क वसूल रहे लोगों के पास किसी भी प्रकार की वैध अनुमति नहीं थी।
जांच के दौरान मौके पर मौजूद कर्मियों ने स्वीकार किया कि उन्हें नगर निगम से पार्किंग संचालन की कोई आधिकारिक स्वीकृति प्राप्त नहीं है। इस खुलासे के बाद निगम प्रशासन हरकत में आ गया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। मेयर संजीव सिंह ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग शुल्क वसूलने का अधिकार केवल नगर निगम के पास है। बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा पार्किंग शुल्क लेना पूरी तरह अवैध है और इसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार के मामले में संबंधित आयोजक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इस बार भी जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संभावना है। इधर, मेले में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी कई शिकायतें नगर निगम को प्राप्त हुई हैं। निगम प्रशासन ने इन शिकायतों की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि मेले में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया तो आयोजकों पर अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद मेले के आयोजकों में हड़कंप मच गया है। अब सभी की नजर निगम की अंतिम जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई है।




Subscribe to my channel