Jharkhand News मुंबई में करंट लगने से धनबाद के युवक की मौत, सांसद ढुल्लू महतो ने परिजनों को दिया न्याय का भरोसा
रोजगार की तलाश में मुंबई गए विकास की दर्दनाक मौत, मुआवजे के लिए सांसद ने महाराष्ट्र डीजीपी से की बात

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद। रोजगार की तलाश में मुंबई गए धनबाद के एक युवक की काम के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जयनगर गांव निवासी विकास कुमार महतो की मृत्यु की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। शनिवार को धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, विकास कुमार महतो महाराष्ट्र के अहिल्यानगर स्थित एक इलेक्ट्रिकल्स ट्रेडर्स में बिजली मिस्त्री के रूप में कार्यरत थे। काम के दौरान बिजली लाइन की मरम्मत करते समय वे अचानक करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल विकास को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना कंपनी प्रबंधन द्वारा परिजनों को दी गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एंबुलेंस से उनका शव जयनगर गांव लाया गया। शव पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मृत्यु से परिवार के समक्ष आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार सुबह धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मृतक के आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। सांसद ने महाराष्ट्र के डीजीपी से फोन पर बातचीत कर संबंधित कंपनी की जानकारी मांगी तथा परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान सांसद ने राज्य में रोजगार की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड में पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण युवाओं को दूसरे राज्यों में काम करने जाना पड़ता है। यदि राज्य में रोजगार के बेहतर साधन होते, तो विकास जैसे युवाओं को घर-परिवार छोड़कर बाहर जाने की मजबूरी नहीं होती।




Subscribe to my channel