Jharkhand News धनबाद में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने संभाली झाड़ू, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हीरापुर हटिया में स्वच्छता अभियान में उतरीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शनिवार को धनबाद दौरे के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने हीरापुर हटिया स्थित महावीर मंदिर एवं काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा की साफ-सफाई कर उन्हें माल्यार्पण किया। केंद्रीय मंत्री ने हाथ में झाड़ू लेकर हीरापुर हटिया परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा समेत भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। साथ ही उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

मीडिया से बातचीत करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। युवा, महिला, किसान और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं और विभिन्न देशों द्वारा उन्हें मिले सर्वोच्च नागरिक सम्मानों ने भारत का गौरव बढ़ाया है। राहुल गांधी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अक्सर ऐसे बयान देते हैं जो देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। विदेशों में भारत की आलोचना करना उनकी राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने एआई सम्मेलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की कार्यशैली का उदाहरण है। इस अवसर पर सांसद ढुल्लू महतो ने भी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।




Subscribe to my channel