धमतरी। शहर के साल्हेवार पारा वार्ड स्थित गाड़ा पारा में कथित रूप से गौवंश का मांस काटे जाने की सूचना से गुरुवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और मामले को लेकर आक्रोश जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गली के भीतर स्थित एक स्थान पर बड़ी मात्रा में कटा हुआ मांस मिलने का दावा किया गया, जिसके बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। घटना के चलते पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया और गली के अंदर भारी भीड़ लग गई।
बताया जा रहा है कि मामले में संलिप्त बताए जा रहे व्यक्ति घटना की जानकारी मिलते ही मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू की। बाद में नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अभिषेक चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले संदिग्ध पदार्थों को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इधर हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।