ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News अवैध कोयला खनन के विरोध में बवाल, गोलीबारी-बमबाजी से कई घायल

पानी के संकट पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, अवैध खनन क्षेत्र में हिंसक झड़प

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

बंद खदान में कथित अवैध खनन के खिलाफ प्रदर्शन, फायरिंग और पथराव से तनाव जोगिडीह-बहियारडीह में संघर्ष, पुलिस वाहन पर हमला, तीन गिरफ्तार कतरास। बाघमारा अनुमंडल के जोगिडीह-बहियारडीह क्षेत्र में मंगलवार को कथित अवैध कोयला खनन को लेकर जमकर बवाल हो गया। बंद खदान में चल रहे अवैध खनन के विरोध में पहुंचे ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें गोलीबारी, बमबाजी और पथराव की घटनाएं सामने आई हैं। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुष घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि बहियारडीह की बंद खदान से लंबे समय से ट्रकों के माध्यम से अवैध कोयले की निकासी की जा रही है। खनन के दौरान क्षेत्र की जोरिया (जलधारा) को करकट, सीमेंट और बालू डालकर बंद कर दिया गया, जिससे जोगिडीह और बहियारडीह के हजारों घरों में पानी का संकट गहरा गया है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण पूर्व में कई बार धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम भी कर चुके हैं।


ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब आठ बजे जोगिडीह के सैकड़ों लोग जलधारा को पुनः खोलने के उद्देश्य से खदान क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान अवैध खनन से जुड़े लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गोलीबारी, बमबाजी और पत्थरबाजी की, जिसमें गुड़िया देवी समेत कई महिला-पुरुष घायल हो गए।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने बरोरा थाना की एक पुलिस गाड़ी को निशाना बनाया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दूसरी ओर बहियारडीह निवासी मुरैया उर्फ दीपक कुमार के परिजनों ने आरोप लगाया कि जोगिडीह से आए 60-70 लोगों की भीड़ ने उनके घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्थरबाजी के साथ दो राउंड फायरिंग की। एक गोली दरवाजे से टकराकर घर के अंदर चली गई। आरोप है कि भीड़ ने दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर तोड़फोड़ की तथा सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त कर डीवीआर भी साथ ले गई।
पत्थरबाजी में दीपक कुमार के एक वर्षीय बच्चे के सिर में चोट लगने की बात कही गई है। इसके अलावा घर में रखे फ्रीज, पंखा तथा तीन मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा डीएसपी, कतरास सर्किल इंस्पेक्टर, बरोरा थाना, मधुबन थाना, बाघमारा थाना और धमाबांध ओपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
बाद में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस के बीच सोनारडीह ओपी में तीखी बहस हो गई। तनाव बढ़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए दो पुरुष और एक महिला को हिरासत में ले लिया। इससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया।  जोगिडीह कॉलोनी के दर्जनों महिला-पुरुषों ने सोनारडीह ओपी पहुंचकर आरोप लगाया कि पुलिस ने निर्दोष लोगों को पकड़ लिया है। उनका कहना था कि कुछ लोग टोटो चला रहे थे तो कुछ अपने घरों में मौजूद थे, बावजूद इसके उन्हें हिरासत में ले लिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बाघमारा डीएसपी ने बताया कि विवाद की जड़ पानी की समस्या है। जोगिडीह के ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन के कारण उनकी जलधारा बाधित हो गई है। इसी को ठीक करने के प्रयास के दौरान विवाद बढ़ गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं तथा तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button