Gujarat News खेड़ा जिले के मातर में काबलीवाला फार्महाउस में जुटी AIMIM की ताकत, गुजरात में संगठन मजबूती पर बड़ा मंथन

रिपोर्टर अंसारी रफीक नूरी अहमदाबाद गुजरात
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) गुजरात प्रदेश अध्यक्ष जनाब साबिर काबलीवाला साहब की अध्यक्षता में 6 जून 2026 को खेड़ा जिले के मातर स्थित काबलीवाला फार्महाउस में पार्टी की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश, शहर, जिला एवं तालुका स्तर के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान विभिन्न जिम्मेदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा पार्टी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और मजलिस के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए अपने सुझाव रखे। साथ ही आगामी दिनों में सदस्यता अभियान को तेज करने, जनता के बीच पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष जनाब साबिर काबलीवाला साहब ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना होगा और मजलिस की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाना होगा। उन्होंने संगठन के सभी जिम्मेदारों से एकजुट होकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश, शहर, जिला और तालुका स्तर के जिम्मेदारों के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं चाहने वाले मौजूद रहे। भारी तादाद में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर AIMIM के प्रवक्ता असलम शेख ने कहा कि, “मजलिस हमेशा दलित, मुस्लिम गरीबों, मजलूमों, पिछड़ों और वंचित समाज की आवाज़ बनकर काम करती रही है।

पार्टी का उद्देश्य केवल चुनावी राजनीति नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ना है। आने वाले समय में अहमदाबाद समेत पूरे गुजरात में संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा हर समाज के युवाओं और आम नागरिकों को बड़ी संख्या में मजलिस से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।” बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं एवं जिम्मेदारों का आभार व्यक्त किया गया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।


Subscribe to my channel