ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News बिजली विभाग की घोर लापरवाही: ११ हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से गाय की तड़प-तड़प कर मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

ब्यूरो प्रमुख शरद कुमार फतेहपुर, उत्तर प्रदेश

असोथर (फतेहपुर)। नगर पंचायत असोथर के कठौता गांव में बिजली विभाग की एक बेहद गंभीर और जानलेवा लापरवाही सामने आई है। यहाँ नरैनी फीडर के कर्मचारियों की घोर लापरवाही के चलते एक बेजुबान गाय ११ हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने नरैनी फीडर के अधिकारियों और कर्मचारियों पर सीधे तौर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व चेकिंग और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर सीधे लाइन चालू कर दी गई। यदि लाइन चालू करने से पहले उसकी सही तरीके से जांच की गई होती, तो इस बेजुबान की जान बचाई जा सकती थी। इस हादसे ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि बिना सुरक्षा सुनिश्चित किए इतनी हाई-वोल्टेज लाइन कैसे शुरू कर दी गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना है कि आज तो एक बेजुबान जानवर इसकी चपेट में आया है, लेकिन अगर विभाग का यही ढुलमुल रवैया रहा तो भविष्य में किसी इंसान की जान भी जा सकती है। आक्रोशित ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच करने और दोषी बिजली कर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा लापरवाही दोबारा न दोहराई जा सके।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button