Uttar Pradesh News साहब! बहुत गरीब हैं, हमारे आवास खाली न कराए जाएं

रिपोर्टर रफ़ी उल्लाह खान रामपुर उत्तर प्रदेश
रामपुर। प्रशासन द्वारा मकान खाली कराए जाने का अल्टीमेटम मिलने के बाद से मोहल्ला बगीचा ऐमना में रहने वाले करीब 100 परिवारों की धड़कनें बढ़ गई हैं। यह लोग काफी समय से यहां पर बने अधूरे आवासों में रहकर जीवन-यापन कर रहे थे। अगर ऐसे में आवास खाली करा लिए गए तो वह लोग सड़क पर आ जाएंगे। लिहाजा गुरुवार को तमाम लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से डीएम को पत्र देकर आवास खाली न कराने की गुहार लगाई।
गुरुवार को मोहल्ला बगीचा ऐमना के तमाम लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर उनका कहना था कि वह लोग एक दशक से इन अधूरे बने आवासों में रह रहे हैं। इसके अलावा उनके पास कोई छत नहीं हैं। अब प्रशासन ने इन आवासों को खाली कराने का अल्टीमेटम दे दिया है। उनका कहना था कि वह लोग काफी गरीब है। दिन भर मेहनत-मजदूरी करके दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करते हैं। उनके पास रहने का कोई दूसरा साधन नहीं हैं। अगर आवास खाली करा लिए गए तो वह लोग सड़क पर आ जाएंगे। क्योंकि इतनी आय नहीं है कि वह लोग किराए का मकान ले सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन पहले जांच करा लें अगर किसी के पास भी मकान हो तो उनसे खाली करा लिया जाए। बाद में सभी ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से आवास खाली न कराने की गुहार डीएम से लगाई। इस मौके पर नाजमा, राशिद, आसिम, रहमान, अरबाज, मोसीन, रईस, नाजिम, जावेद, गुलवेज, फरजाना, सोनी और शहाब आदि मौजूद रहे।




Subscribe to my channel