Madhya Pradesh News आधार सेवाओं में अनियमितता पर प्रशासन का बड़ा प्रहार
करही में अवैध वसूली उजागर, दो ऑपरेटरों पर 75 हजार का भारी जुर्माना ______

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
कलेक्टर के निर्देश पर मशीनें ज़ब्त, आजीवन ब्लैकलिस्ट की कार्यवाही शुरू खरगोन 02 जून 2026। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के कड़े निर्देशों के पालन में ज़िला प्रशासन ने महेश्वर तहसील अंतर्गत टप्पा तहसील करही (करही ग्राम) में आधार सेवाओं के नाम पर आम नागरिकों से निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूलने वाले दो आधार ऑपरेटरों के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त तहसीलदार टप्पा करही द्वारा किए गए औचक निरीक्षण तथा इसके पश्चात जिला ई-गवर्नेंस टीम द्वारा की गई विस्तृत जांच में अवैध वसूली की शिकायतें पूर्णतः सत्य पाई गईं। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित ऑपरेटरों द्वारा यूआईडीएआई के नियमों का गंभीर उल्लंघन किया जा रहा था। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर सुश्री मित्तल ने टप्पा तहसील कार्यालय करही के ऑपरेटर अजय कोगे पर ₹50,000 का अर्थदंड तथा उप लोक सेवा केंद्र करही के ऑपरेटर योगेश यादव पर ₹25,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। इसके साथ ही दोनों ऑपरेटरों की आधार मशीनें तत्काल प्रभाव से ज़ब्त कर ली गई हैं।

इसके अतिरिक्त, यूआईडीएआई के प्रावधानों के अंतर्गत दोनों ऑपरेटरों की मशीन आईडी को आजीवन ब्लैकलिस्ट (Lifelong Blacklist) किए जाने के लिए प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPSEDC), भोपाल को प्रस्ताव पत्र प्रेषित कर दिया गया है। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शासकीय सेवाओं के नाम पर आम नागरिकों का शोषण, अवैध वसूली एवं किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार ज़िले में किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार की अनियमितताओं पर कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।




Subscribe to my channel