Madhya Pradesh News सट्टेबाजों के सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: राजेश अग्रवाल सुसाइड केस में 6 रसूखदारों पर FIR दर्ज

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
छतरपुर। शहर के चर्चित राजेश अग्रवाल आत्महत्या मामले में छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने एक बड़ी और त्वरित कार्रवाई करते हुए सट्टेबाजों और सूदखोरों के सिंडिकेट को बेनकाब कर दिया है। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट और मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। ओरछा रोड थाने के उप-निरीक्षक दीपक कुमार यादव ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) लेखराज मीणा के दिशा-निर्देशन में मामले की बारीकी से जांच की, जिसके बाद पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है।
पुलिस ने सुसाइड नोट को मुख्य आधार बनाते हुए जिन छह आरोपियों को नामजद किया है, उनमें रोहित (छोटू) पटेरिया, अनवर खान, शरद अग्रवाल, सुरेश नगरिया, कल्लू कलई और मोनू (दीपक) अग्रवाल शामिल हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत सख्त धाराएं लगाई हैं, जिसमें आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 108, आपराधिक षड्यंत्र रचने की धारा 61(2) और आपराधिक धमकी देने की धारा 351(2) शामिल है।
थाना प्रभारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) लेखराज मीणा के सीधे निर्देशन में पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने मृतक राजेश अग्रवाल का मोबाइल फोन और सुसाइड नोट अपने कब्जे में ले लिया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोबाइल के कॉल डिटेल्स और चैट खंगालने पर शहर में सक्रिय और सट्टेबाजों और अवैध रूप से ब्याज का धंधा करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा हो सकता है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से ही शहर के अन्य सटोरियों और सूदखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।




Subscribe to my channel