ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News बिना बेस बिछाई गई पाइप, पुलिया निर्माण में मिट्टी का उपयोग; सड़क निर्माण में अनियमितताओं के आरोप

रिपोर्ट इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश

मंडला। विकासखंड मोहगांव अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिंगारपुर मार्ग से सुड़गांव के पोषक ग्राम डोंगरगांव होते हुए उमरिया रैयत पहुंच मार्ग पर पाइप पुलिया निर्माण कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और गुणवत्ता में कमी के आरोप लगाए हैं।


ग्रामीणों के अनुसार डोंगरगांव एवं उमरिया रैयत के बीच निर्माणाधीन पाइप पुलिया में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि बिना उचित बेस तैयार किए ही पाइप बिछा दिए गए हैं तथा सीसी कंक्रीट के स्थान पर मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्तायुक्त सामग्री का उपयोग नहीं किए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसों बाद इस मार्ग की स्वीकृति मिली है, लेकिन निर्माण कार्य में लापरवाही और मनमानी के कारण सड़क एवं पुलिया की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि निर्माण स्थल पर परियोजना संबंधी जानकारी का बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे स्वीकृत राशि एवं कार्य की अन्य जानकारी आम जनता को उपलब्ध नहीं हो पा रही है।


ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान इस क्षेत्र में पानी का बहाव काफी तेज रहता है। ऐसे में यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ तो पुलिया एवं सड़क को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने कलेक्टर मंडला से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, आरईएस विभाग द्वारा मार्ग का पुनः सर्वे कराने तथा आकस्मिक निरीक्षण कराकर गुणवत्तायुक्त निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा है कि सड़क एवं पुलिया का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सके।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button