Jharkhand News टुंडी में प्रतिबंधित मांस मिलने से बवाल, पुलिस पर पथराव; 7 राउंड हवाई फायरिंग के बाद हालात काबूम
गोवंश बरामद होते ही भड़का गुस्सा, टुंडी में हिंसक झड़प के बाद निषेधाज्ञा लागू

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
आरोपियों को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर हमला, भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज और फायरिंग
तालाब किनारे मिला प्रतिबंधित मांस, पूरे गांव में तनाव; तीन गिरफ्तार
टुंडी का मोहनाद गांव बना छावनी, पुलिस-ग्रामीण आमने-सामने
धनबाद। जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत बरवाटांड़ पंचायत के मोहनाद गांव में प्रतिबंधित मांस मिलने की सूचना के बाद शुक्रवार देर शाम भारी बवाल हो गया। देखते ही देखते मामला इतना गंभीर हो गया कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और 7 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है तथा एहतियातन निषेधाज्ञा लागू कर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार गांव के एक तालाब के समीप प्रतिबंधित मांस मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसी दौरान संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने एक पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में एक जीवित गोवंश मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया।
बताया जाता है कि उग्र भीड़ से बचने के लिए वाहन में सवार आरोपी का पुत्र और चालक भागकर घर में छिप गए। इसके बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने घर को घेर लिया और तीनों को अंदर ही बंधक बनाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना की सूचना पर टुंडी अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल एवं थाना प्रभारी उमाशंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया, लेकिन लोग तत्काल गिरफ्तारी और मौके पर एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बारंगे तथा आसपास के कई थानों की पुलिस अतिरिक्त बल के साथ गांव पहुंची। पुलिस ने जब घर में घिरे तीनों आरोपियों को सुरक्षित निकालकर थाने ले जाने की कोशिश की तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में पुलिस जवान राजेश लिंडा घायल हो गए। हालात को नियंत्रण से बाहर जाता देख पुलिस ने पहले चेतावनी दी, फिर आत्मरक्षा और आरोपियों की सुरक्षा के लिए 7 राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी, उसके पुत्र तथा देवली टक्कर क निवासी वाहन चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी से टुंडी थाना में पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन पूरे मोहनाद गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार इलाके में निगरानी रख रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके



Subscribe to my channel