Jharkhand News अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाना पड़ा महंगा! कांग्रेस नेता जुबेर खान के घर के बाहर चली गोली, इलाके में दहशत
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
अंगारपथरा में फायरिंग से सनसनी, अवैध खनन विरोधी कांग्रेस नेता ने जताई जान का खतरा
👉कतरास में अपराधियों के हौसले बुलंद! अवैध खनन का विरोध करने पर कांग्रेस नेता को मिली धमकी?
👉घर के बाहर देर रात फायरिंग, अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वाले नेता में दहशत का माहौल
बाघमारा/कतरास: धनबाद जिले के अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में अवैध खनन के विरोध को लेकर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। सर्कस ग्राउंड के समीप रहने वाले कांग्रेस नेता जुबेर खान ने आरोप लगाया है कि इलाके में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन का वे लगातार विरोध कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि देर रात जुबेर खान के घर के समीप अचानक फायरिंग की घटना हुई। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोग सहम गए और देर रात तक क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा।
घटना के बाद जुबेर खान ने आशंका जताई कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार से जुड़े लोगों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि विरोध करने वालों को खुलेआम धमकाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि क्षेत्र में लगातार अवैध खनन और अपराध से जुड़ी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। वहीं घटना के बाद इलाके में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आखिर ऐसे अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है, जो खुलेआम फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।



Subscribe to my channel