Chhattisgarh News कोरबा: हरदी बाजार में अनिल राठौर और उसके गुर्गों का आतंक, महिला के घर पर हमला, ट्रैक्टर फूंकने की दी धमकी

रिपोर्टर मनोज मानिकपुरी कोरबा छत्तीसगढ़
एस.ई.सी.एल. गेवरा क्षेत्र के हरदी बाजार में एक बार फिर दबंगई और गुंडागर्दी का मामला गरमाया है। दिनांक 22 मई की रात अम्बेडकर चौक निवासी एक महिला के घर पर स्थानीय व्यवसायी अनिल राठौर और उसके दो अज्ञात गुंडों द्वारा हमला करने, गाली-गलौज करने और वाहन फूंकने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डरी-सहमी पीड़िता ने हरदी बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

घर में अकेली थीं मां-बेटी, छत से देखा खौफनाक मंजर
पीड़िता श्रीमती अनुसूईया राठौर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शुक्रवार (22 मई) की रात करीब 8:00 बजे जब उनके पति और बेटा काम के सिलसिले में बाहर गए थे, तब ‘अनिल क्लॉथ स्टोर’ का संचालक अनिल राठौर दो गुंडों को लेकर उनके घर धमक पड़ा। आरोपियों ने घर का बंद दरवाजा लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया और बेहद अश्लील गालियां देने लगे।
बकौल पीड़िता, अचानक हुए इस हमले से वो और उनकी बेटी सहम गईं। जब उन्होंने हिम्मत कर छत से नीचे देखा, तो अनिल राठौर और उसके साथी दरवाजा तोड़ने की पूरी कोशिश कर रहे थे। दोनों मां-बेटी ने डर के मारे घर के अंदर छुपकर बमुश्किल अपनी जान बचाई।
”बाहर खड़े ट्रैक्टर को लगा दूँगा आग” – आरोपी की धमकी
दबंगई यहीं नहीं रुकी; आरोपी अनिल राठौर ने जाते-जाते धमकी चमकाई कि घर के बाहर खड़े उनके पानी के ट्रैक्टर को वह आग के हवाले कर देगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी की इस हरकत से पूरा परिवार खौफ में है। उन्होंने अंदेशा जताया है कि भविष्य में उनके परिवार या वाहनों को कोई भी नुकसान पहुँचता है, तो उसका जिम्मेदार सिर्फ अनिल राठौर होगा।
एक ही दिन में दो वारदातों को दिया अंजाम
इस पूरी घटना का एक और गंभीर पहलू यह है कि आरोपी ने उसी शाम एक सरकारी काम में भी बाधा डाली थी। शिकायत के मुताबिक, 22 मई की शाम 6:00 बजे एस.ई.सी.एल. गेवरा क्षेत्र से पानी वितरण करने जा रहे ट्रैक्टर ड्राइवर ओमप्रकाश रोहिदास को भी अनिल राठौर ने शिक्षक नगर के पास रोककर पीटा और गाली-गलौज की थी, जिसकी रिपोर्ट ड्राइवर ने घटना के एक घंटे बाद ही थाने में दर्ज करा दी थी।
कार्रवाई की मांग
एक ही दिन में दो-दो वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी के खिलाफ शनिवार (23 मई) को पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत देकर सख्त एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है। क्षेत्र के लोग अब पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं ताकि इस तरह की गुंडागर्दी पर लगाम कसी जा सके।



Subscribe to my channel