Chhattisgarh News अफेयर के शक में पत्नी ने करवाई छात्रा की हत्या!, बोरे में भरकर घर के पीछे नाले किनारे दफनाया शव, ऐसे खुला राज

ब्यूरो चीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां डीआरजी जवान की पत्नी ने पति के कथित प्रेम संबंध के शक में एक कॉलेज छात्रा की सुपारी देकर हत्या करवा दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर गांव ले जाया गया और घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। करीब दो साल बाद पुलिस ने इस खौफनाक वारदात का खुलासा किया है। मामला दंतेवाड़ा जिले का है।
प्रेम संबंध के शक ने ली युवती की जान
जानकारी के मुताबिक, तोयलंका निवासी डीआरजी जवान पांडू करटम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। उसकी दूसरी पत्नी कमली करटम (40) को शक था कि उसके पति का रामदई कश्यप (22) नाम की युवती से प्रेम संबंध चल रहा है। इसी शक ने धीरे-धीरे खूनी साजिश का रूप ले लिया।
50 हजार में दी हत्या की सुपारी
पुलिस जांच में सामने आया कि कमली करटम ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को रामदई की हत्या के लिए 50 हजार रुपए देने की बात कही थी। आरोप है कि कमली ने अपने पति की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी (22) को दंतेवाड़ा भेजा और रात में फोन कर युवती की मौजूदगी की जानकारी ली। इसके बाद पिकअप वाहन से हुंगाराम को वहां भेजा गया।
घर में घुसकर दबाया गला
बताया जा रहा है कि आरोपी हुंगाराम रात में घर में घुसा और रामदई कश्यप का मुंह व गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सफेद प्लास्टिक की बोरी में भरकर पिकअप वाहन से ग्राम तोयलंका ले जाया गया और घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया।
गुमशुदगी केस से खुला हत्या का राज
रामदई कश्यप जून 2024 से लापता थी। उसके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन शुरुआती जांच में कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस ने कॉल डिटेल और रिश्तेदारों के बयानों के आधार पर जांच दोबारा शुरू की। जांच में रामदई और डीआरजी जवान पांडू करटम के बीच लगातार संपर्क की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस का शक कमली करटम पर गहराया।
पुलिस ने खुदाई कर बरामद किया कंकाल
पुलिस ने कमली करटम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर दंडाधिकारी, फोरेंसिक टीम और गवाहों की मौजूदगी में खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान सफेद बोरी में दबा मानव कंकाल बरामद हुआ। अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने मामले में कमली करटम और लक्ष्मी नाग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी हुंगाराम उर्फ बुटू करटम फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Subscribe to my channel