कतरास बाजार में 1.61 करोड़ की नाली योजना का शिलान्यास, जलजमाव से मिलेगी राहत

👉कतरास बाजार में ड्रेनेज सिस्टम सुधार की शुरुआत, लोगों को बड़ी राहत की उम्मीद
👉बस स्टैंड से दुर्गा मंदिर तक बनेगी नाली, जलभराव की समस्या होगी दूर
👉1.61 करोड़ की लागत से नाली निर्माण, कतरास में विकास कार्य तेज
कतरास : कतरास बाजार क्षेत्र में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या के समाधान की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या-3 अंतर्गत बस स्टैंड से थाना मोड़ होते हुए दुर्गा मंदिर के सामने से कतरी नदी तक नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर वार्ड-3 की पार्षद रागिनी विनायक गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
नगर आयुक्त द्वारा स्वीकृत इस योजना की कुल लागत 1,61,55,895 रुपये निर्धारित की गई है। नाली निर्माण पूरा होने के बाद कतरास बाजार के मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्षद रागिनी विनायक गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। इस योजना के पूरा होने से न केवल सड़क की स्थिति सुधरेगी, बल्कि व्यापारियों और आम लोगों को गंदगी व कीचड़ से भी राहत मिलेगी।
वहीं महापौर संजीव सिंह ने बताया कि यह कार्य लंबे समय से लंबित था। इसके शुरू होने से स्थानीय लोगों को अब जलजमाव और कीचड़ की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर वार्ड-1 की पार्षद मधुबाला देवी, वार्ड-3 के पार्षद प्रतिनिधि विनायक गुप्ता और वार्ड-2 के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि मासूम खान समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और नगर निगम कर्मियों की भागीदारी रही, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।

Subscribe to my channel