भक्ति के रंग में रंगा नगर, कलश यात्रा के साथ भागवत कथा का शुभारंभ

भक्ति के रंग में रंगा नगर, कलश यात्रा के साथ भागवत कथा का शुभारंभ

भरथना कस्बे के मोहल्ला कल्याण नगर मे गुरुवार को धार्मिक उल्लास के बीच श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भजन-कीर्तन करते हुए नगर का भ्रमण किया। “हरे राम-हरे कृष्ण” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा।
इस अवसर पर कथावाचक पं. श्री रामसनेही अवस्थी (भगवताचार्य) द्वारा श्रद्धालुओं को भागवत कथा का श्रवण कराया जा रहा है।
आयोजन 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शाम के समय भी कथा सत्र आयोजित होंगे। समापन 9 अप्रैल को हवन, पूर्णाहुति और भंडारे के साथ होगा।
कथा में परीक्षित की भूमिका सुभाष गुप्ता एवं सीमा गुप्ता निभा रहे हैं। कार्यक्रम में सहायक व्यास पं. सज्जन कुमार अवस्थी के साथ-साथ क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिनमें छोटेलाल मिश्रा, कृष्णलाल तिवारी, प्रेमनारायण तिवारी, गिरजेश चौहान, शिवकुमार चौबे, सुरेन्द्र यादव, अजय पोरवाल, रामप्रकाश पोरवाल और रामचन्द्र तिवारी प्रमुख रहे।
आयोजकों ने बताया कि कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का विस्तृत वर्णन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को भक्ति का संदेश मिलेगा। सात दिनों तक चलने वाला यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का माहौल बनाए रखेगा।


Subscribe to my channel