ब्रेकिंग न्यूज़

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च 2026 के अवसर पर जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिला बस्तर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास का संचार करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।

प्रतियोगिता के अंतर्गत क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी एवं खो-खो की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं इंदिरा स्टेडियम में फुटबॉल एवं बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंड के 350 बालिका एवं महिला खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान महिला बाल विकास विभाग की संचालक डॉ रेणुका श्रीवास्तव मैडम ने इंदिरा स्टेडियम में फुटबॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन अवसर में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जगदलपुर संजय पांडे उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभापति खेमसिंह देवांगन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, पार्षद श्रीमती पूनम सिन्हा एवं पार्षद निर्मल पाणीग्राही उपस्थित रहे।

महापौर संजय पांडे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की खेलों में बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है और इससे नई पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रत्येक विजेता खिलाड़ी को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, व्यायाम शिक्षक, प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में खेल अधिकारी सुशांत पॉल ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Bastar Chhattisgarh News @ Reporter Sumit Bajpai

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button