नकद रकम, 7 मोबाइल फोन और ताश की गड्डी बरामद, अर्जुनी पुलिस की दबिश
धमतरी। जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम आमदी में शराब दुकान के पीछे जुआ खेल रहे 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, मोबाइल फोन और ताश पत्ती सहित कुल 58,100 रुपये का मशरूका जप्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम आमदी स्थित शराब दुकान के पीछे कुछ लोग ताश पत्ती के माध्यम से रूपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी।
दबिश के दौरान मौके पर 9 व्यक्ति 52 पत्ती ताश से रूपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से 23,100 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन (लगभग 35,000 रुपये कीमत) तथा ताश की गड्डी जप्त की। जप्त सामग्री की कुल कीमत 58,100 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 36/26 धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में शेखर साहू, द्वारिका साहू, टिमेश साहू, सोमेश्वर पटेल, धनेश्वर चंदेल, टीकम महार, गोकुल राम साहू, पवन कुमार सतनामी और भूपेन्द्र सेन शामिल हैं।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।