लोन विवाद बना खूनी साजिश, धनबाद में रिकवरी एजेंट का अपहरण कर हत्या, आरोपी के घर से मिला शव
![]()
धनबाद में लोन सेटलमेंट विवाद को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल का अपहरण करने के बाद उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को सदर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में आरोपी विकास खंडेलवाल के आवास से अमित का शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, अमित कुमार अग्रवाल शनिवार देर शाम से लापता थे। परिजनों ने उनके गायब होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। शिकायत में यह भी बताया गया था कि अमित के मोबाइल फोन से 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध विकास खंडेलवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से अमित अग्रवाल का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच करीब एक करोड़ रुपये के लोन सेटलमेंट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी आर्थिक विवाद के कारण आरोपी ने पहले अमित का अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में आरोपी के साथ अन्य लोग शामिल थे या नहीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में फिरौती की मांग किए जाने से यह संकेत मिलता है कि अपराध को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और कॉल डिटेल, वित्तीय लेन-देन तथा घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Subscribe to my channel