झामुमो ने बदला दांव, चंद्रशेखर अग्रवाल बने मेयर प्रत्याशी

धनबाद : नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने रणनीतिक बदलाव करते हुए पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल को मेयर पद का आधिकारिक प्रत्याशी बनाने का फैसला किया है। पार्टी समर्थित प्रत्याशी डॉ. नीलम मिश्रा अब अपना नामांकन वापस लेने जा रही हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर लिया गया है, जिसका उद्देश्य चुनाव में संगठन की पकड़ को और मजबूत करना है। चंद्रशेखर अग्रवाल पहले ही भाजपा से अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने के बाद 2 जनवरी को दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अग्रवाल के चुनावी मैदान में उतरने से मेयर पद की लड़ाई और दिलचस्प होने की संभावना है। उनके पूर्व अनुभव और जनाधार को देखते हुए झामुमो इस चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करने की तैयारी कर रही है।
वहीं, डॉ. नीलम मिश्रा का नामांकन वापस लेना पार्टी हित में लिया गया सामूहिक निर्णय बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बदलाव से आने वाले दिनों में चुनावी समीकरणों पर बड़ा असर देखने को मिल सकता है।


Subscribe to my channel