ब्रेकिंग न्यूज़

पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव मंगलवार से

शहर के मैत्री संघ मार्ग स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव मंगलवार से प्रारंभ होगा। इसके पूर्व आज विधिवत वनयाग (वन यज्ञ) संपन्न कराया गया। इस दौरान ग्राम करकापाल स्थित माता शीतला मंदिर के समीप से दुर्लभ सहाड़ा वृक्ष की लकड़ी का पूजन-हवन कर संग्रह किया गया। मंदिर समिति के अनुसार सहाड़ा वृक्ष की इस छेदन की लकड़ी से विश्वकर्मा द्वारा इंद्र एवं शची (इंद्र की पत्नी) की प्रतिमा का निर्माण किया गया है, जिसे सभी रत्नों के साथ मंदिर के गुंबद में प्राण-प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर स्थापित किया गया। मान्यता है कि इससे भविष्य में मंदिर पर वज्रपात (बिजली गिरने) का भय नहीं रहता है। ज्ञात हो कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा 3 से 7 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। आज सुबह ग्राम करकापाल में विधिवत मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं महापौर संजय पाण्डेय सपत्नी सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत मंगलवार को दोपहर 2 बजे भव्य कलश यात्रा से होगी। यह यात्रा महादेवघाट से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। कलश यात्रा में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर सहभागिता करेंगी। कार्यक्रम के अंतर्गत 4 फरवरी को मंडप प्रवेश एवं मंडल देवता स्थापना, 5 फरवरी को देवता अधिवास, महा-स्नान, नगर परिक्रमा, रत्न गर्भ प्रतिष्ठा एवं शिखर कलश प्रतिष्ठा के अनुष्ठान संपन्न होंगे। मुख्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह 6 फरवरी शुक्रवार को अभिजित मुहूर्त में दोपहर 12:15 बजे से 1:56 बजे के मध्य विधिवत संपन्न कराया जाएगा। इसी दिन देवता गर्भ प्रवेश का अनुष्ठान भी होगा। मंदिर में श्री ओंकारेश्वर महादेव, भगवान श्री गणेश, मां दुर्गा, राम दरबार, भगवान हनुमान एवं माता संतोषी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। महोत्सव का समापन 7 फरवरी शनिवार को दोपहर 1 बजे से महा-प्रसाद भंडारे के साथ होगा।

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह वार्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। साथ ही बताया कि आयोजन के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आज के पूजा में संजय पाण्डे, आचार्य रामराज त्रिपाठी , पंडित चन्दन त्रिपाठी, रंगा आचार्य, सुकुमार धर, राजेश महावर, श्रीमती संध्या महावर, श्रीमती रेखा पाण्डेय, श्रीमती सुब्रा दास, श्रीमती किरण सोनी, श्रीमती रजनी पाठक, श्रीमती सुशीला देवी मौजूद रहे।

 

Bastar Chhattisgarh News @ Reporter Sumit Bajpai

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button