संघर्ष से संकल्प तक: दिवंगत जेएलकेएम नेता की पत्नी अंजू कुमारी वार्ड 6 से उतरीं चुनावी मैदान में

👉पति के अधूरे सपनों को पूरा करने निकलीं अंजू कुमारी, वार्ड 6 से करेंगी चुनावी शुरुआत
👉सड़क हादसे में पति को खोने के बाद भी नहीं टूटी हिम्मत, अंजू कुमारी बनेंगी पार्षद प्रत्याशी
👉शोक से शक्ति तक: जेएलकेएम नेता दीपक महतो की विरासत को आगे बढ़ाएंगी अंजू कुमारी
कतरास :
धनबाद नगर निगम चुनाव में वार्ड संख्या 6 से इस बार मुकाबला सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि संघर्ष और संकल्प की मिसाल बनता नजर आ रहा है। जेएलकेएम नेता स्वर्गीय दीपक महतो की पत्नी अंजू कुमारी ने पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने अपने पति के अधूरे सपनों को साकार करने के उद्देश्य से नामांकन पत्र प्राप्त कर लिया है और 2 फरवरी को नामांकन करने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि दीपक महतो स्वयं वार्ड संख्या 6 से चुनाव लड़ने की तैयारी में थे, लेकिन 1 जनवरी को बलियापुर में हुए एक सड़क हादसे में उनका असामयिक निधन हो गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन अंजू कुमारी ने हिम्मत नहीं हारी।
अंजू कुमारी ने भावुक स्वर में कहा कि उनके पति हमेशा समाजसेवा और जनता के हितों के लिए समर्पित रहे। अब उनका सपना है कि वे उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए वार्ड की जनता की आवाज बनें। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आसान नहीं था, लेकिन लोगों के सहयोग और समर्थन से उन्हें आगे बढ़ने की ताकत मिली।
स्थानीय लोगों में अंजू कुमारी के इस साहसी फैसले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोग इसे एक महिला की मजबूती, आत्मविश्वास और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक मान रहे हैं। वार्ड 6 का यह चुनाव अब केवल सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि एक प्रेरक कहानी के रूप में देखा जा रहा है।

Subscribe to my channel